Tuesday, August 22, 2017

भ्रम

पता ही नहीं है
आदमी को
कि
उसे चाहिए क्या ?

असुर

कुछ लोग
अपने इसी जीवन के
एक हिस्से में
बन जाते हैं
मानव से असुर,
वैसे ही जैसे
शास्त्रों में वर्णित हैं
असुर
बड़े बड़े दांतो वाले
झबरैले बालों वाले।

वे बन जाते हैं असुर !
क्योंकि
उन्हें ठगा है देवताओं ने !
उनसे झूठ बोला है
देवताओं ने !

वे स्वर्ग पर
करतें है हमला
अप्सराओं के लिए नहीं
उसे तहस नहस करने के लिए !

Monday, August 21, 2017

झूठी आशा

कविता से
नहीं होगा कोई समाज सुधार
कोई क्रान्ति भी नहीं आयेगी
न ही भरेगा किसी भूखे का पेट !

कविता
बस
सब कुछ ठीक हो जाने की
झूठी आशा का
एक सिरा है !

जी लोगे बिना इसके ?

हे डीयर प्रभू !

From web











हे डीयर प्रभू !
कवि न बनने देना ऐसा
कि अपनी रचनाएं
पूरी होने से पहले ही, 
लपालप
मित्रों-मित्राणियों के
कपार पर 
खचाखच 
पटक पटक पूछूं …..
कैसी है कैसी है कैसी है !

हे डीयर प्रभू !
थोड़ी किरपा दे
लेना बचाय ! 

Sunday, August 20, 2017

घने जगंलों में



घने जगंलों में
मैं बहुत दूर निकल आया था ।
बहुत दूर ।
जगंलों के भीतर बहुत भीतर
बेतरतीब बिखरे खोये हुये उन रास्तों के पार
जिनपर कभी कोई पथिक गया ही नहीं
वहां आदमी के पास
अपने सीधे साधे जंगलीपन के गुल्म में लिपटी
नवजात धवल आदमीयता के अलावा कुछ और था ही नहीं,
वहां
घने अंधेरों के पार
मैंने प्यार और उजालॊं की बड़ी बड़ी खानें पायी
पाये निश्चल प्यार के चमकीले कौस्तुभ, 
स्पष्ट भावनाओं के हरे मरकत !
थे वहां नश्वरता की नीली रोशनी में
दमकते कुछ ऐसे फूल
जिनसें एक तरह की
न कही जा सकने वाली न समझी जा सकने वाली शाश्वतता लिए
भासित उज्जवल रक्तिम अभ्र झरता था !

बहुत सी पीले पन्नों वाली किताबों की कब्र से बाहर सरक आये
अनेक मिथकीय पात्रों भरी
सपनॊं , गल्पॊं व किंवदन्तियों की अनगिन झाड़ियां
जिनपर कवितायें बिखरी हुयी थी कहीं खिलकर सूख गये लाल टहकार फूल की तरह
तो कहीं किसी बहुत पुरानी साधारण सी कहानी में रोती हुयी लड़की के अन्तिम बूंद आसू की तरह !
इन सब को पार कर मैं
इन घने जंगलों में बहुत दूर निकल आया था !

यहां बादलॊं में प्रेम सघन घनत्व में
पानी की तरह पुता हुआ था ,
जो
सुन्न रात में 
चांदी के बुरादे जड़ी शुभ्र वस्त्र आवृत
प्रागऎतिहासिक मांसल प्रेम स्मृतियों सी
एक के पीछॆ एक , स्थगित सम्बध्दता लिये खड़ी
समुद्री नील पहाड़ियों व सम्मुख उसके
पुरिया धनश्री के गिरान वाले स्वर जैसी
एक गहरे गर्त-सी बजती
घाटी की कगार पर खड़े हो निहारते हुये
कभी आती सांस पर कभी जाती सांस पर
वैसे ही जम जाता है जैसे
प्रथम पुरुष के अधरों पर जम गये थे
प्रथम स्त्री के अधर प्रथम चुम्बन समय !

इस गहरी घाटियों में
पहाड़ॊं  की विमाओं को समझते हुये
मैं भटक गया था
एक ताजी आदमीयता की क्यारियों में उगने वाले 
बिलकुल अलग तरह से कोमल
बिलकुल अलग तरह से प्रगाढ़
सहज बोध भरे शान्त कर देने वाले
प्रांजल स्नेह सम्पुट धरे
आकाश के बहुत पास विहस आये
इन अद्भुत प्रतानों के जंगलॊं में
मैं बहुत दूर निकल आया था !

जापान और हम

कला संकाय के किले में शाम को कक्षाएं चलती थी जापनीज़ की।   चार बजे शुरू हो कर छह बजे तक। आकियो सर जो कि टोक्यो निवासी थे, हमें कांजी कतकना रटवाते थे।
पहले दिन जब कक्षाएं शुरु हुई तो परिचय से पहले ही आकियो सर ने हम सबसे एक काम कराया  । सबने अपना वो हाथ आगे किया जिस पर घड़ी होती है, फिर हम सबने अपनी घड़ियों में समय को एक किया। ठीक चार बजे। एक सप्ताह तक तो सब भारतीय तरीके से चलता रहा, लेकिन अगले सोमवार जब मैं चार बजके एक मिनट पर क्लास पहुँचा तो मुझे ससम्मान कक्षा से बाहर कर दिया गया। मैं तो भक्क रह गया! तब समझ आया कि चार बजे मतलब ठीक चार बजे।
लेकिन हमारी सालों की आदत तो दो दिन में छुटाए न छूटे, तो शान्तिपूर्वक हम पौने चार बजे हम रुम न ३२ के बाहर मौजूद रहते थे।
कक्षा में लगभग तीस विद्यार्थी थे। ज्यादातर  ध्यान से पढ़ते थे लेकिन कुछ महाशय थे जो पीछे बैठ चू चपड़ जारी रखते थे। शुरूआत के लगभग पन्द्रह दिनों तक आकियो सर ने कुछ नहीं कहा, सिर्फ़ मुस्कुरा कर उन्हें चुप रहने की सलाह दी। लेकिन वो दिन आ ही गया जब उनके सब्र का बाध टूट गया। लगभग पाँच बज रहे थे। पूरे संकाय में सन्नाटा था। सिर्फ हमारी कक्षाएं चल रही थी। अचानक सर पूरी ताकत से चिल्लाए ! उनकी गुर्राहट इतनी तेज़ थी कि आवाज़ अहाते में गूजती रही।उन दो लड़को को खड़ा कर अपनी शुद्ध हिन्दी में सर फिर चिल्लाए ," तुम्हें पता है तुमने क्या किया है?" लड़के चुप। " तुमने दो मिनट बात की क्लास में, और तीस लोगों का दो मिनट बरबाद कर दिया। इस तरह तुमने अपने देश को साठ मिनट पीछे कर दिया....! "
हम सब शान्त। बात देश पर आ गयी तो सब गम्भीर हो  गए। बात ऐसी थी  कि सबको चुभ गयी। और इस तरह का यह अन्तिम वाकया रहा।
अगले साल आकियो सर ने बीएचयू में पढ़ाना छोड़ दिया।वो राजस्थान में फिल्माई जा रही किसी जापनीज़ डाक्यूमेन्ट्री फिल्म निर्माण में सहयोग देने चले गए। अब उनकी पत्नी कक्षाएं लेती है।साथ ही  रवीन्द्रपुरी में शीबा रेस्त्रां भी चलाते हैं पति पत्नी।
____________________
जापान के स्मार्ट शहरों से प्रेरणा लेने से पहले हमें जापान के लोगों से बहुत कुछ सीखना होगा। अगर हम उनसे थोड़ा सा "सिविक सेन्स" सीख लें, तो हमारे शहर अपने आप ही स्मार्ट हो जाएगे।

आज की सांझ

पिघले सोने की भट्टी
डूब खो गयी
स्याह नीलाभ घाटी के
गर्भ में,
आज की सांझ।

Thursday, August 17, 2017

कुछ शब्द


ढूंढता हूं
कुछ शब्द
छुपा सकें जो
गहरे
मेरे सन्नाटों को !
रच सकें जो
ऐसी कोख
जिसमें दफ्न हो
सकूं मैं !
कह सकें
वे वह कुछ
जो कहा नहीं
जाना है


Sunday, July 30, 2017

आजकल


हर तरफ धूल है
धुँआ है
गुबार है।

गर्द इतिहास की
चुभ रही है
पलकों में।

वर्तमान का पानी
धुले
स्पष्ट कर दे
सब गर्द
हालाकिं
वह खुद ही
धुंधला है
गंदला है।

ज्ञान गुप्त रोग सा
बढ़े है
दिनों दिन ,
अपने ही निस्तारण
में प्रयासरत,
अपंग, निष्प्रभ !

आजकल ,

Saturday, July 1, 2017

फोन

चलो . . . ! ! !
थोड़ी देर . . .
साथ रहें !
एक दूसरे को फोन करें
 और...
 हैलो भी ना बोलें ।

बहुत देर तक
चुप रहें . . .
और बिना  कुछ कहे
हल्की सी सांस छोड़
फोन रख दें ।

इतनी दूर होकर भी
चलो . . .! ! !
थोड़ी देर
साथ रहें !

Monday, June 20, 2016

भींगी घरती पहली बरखा!

भींगी धरती
पहली बरखा,
गीले पेड़ गीले पात
नीला अम्बर
हुआ बादली,
तपती पछुआ
हुयी सुरीली,

मस्त मेढ़कों की
टोली ने
धुन छेड़ी अलबेली ,
गाये चिड़िया
गाये तितली !
भींगी घरती

पत्तों के कोरों से
टप टप 
निथर रहा अमृतजल ,
अगहन झुलसी
पियरी माटी
पी पी पानी
                 हो रही है चन्दनी !
                 उठती सुवर्ण गन्ध
                से मदमाते
               हरे आम
                हो रहे हैं पीले,


भींगी घरती
पहली बरखा!
गढ़हे में
भर आया है
छिछला पानी ,

टेंटा-दल कर रहा
मनमानी,
चॊंच-चॊच
पंख पंख
वारिद मोती
उड़ते फर फर,
भींगी घरती
पहली बरखा!




(सभी चित्र वेब से साभार)

Sunday, March 13, 2016

नागा लोककथायें:अरमेजंग और उसके दामाद लेटरसंग की कथा

Ang Chief Women, 1954 Copyright Protected 
मां का असीम प्यार" (पिछली कहनी देखें) नामक पुरानी कहानी में हमें पता चला कि एक मृतात्मा ने लेटरसंग को किस प्रकार एक अच्छा पाठ पढ़ाया. लेटरसंग का दूसरा नाम सुंगदर था. वह अविस्मरणीय घटना यासानारो के पिता को बहुत बुरी लगी थी. उन्हें इस बात का दुख था कि लेटरसंग ने उनकी इकलौती बेटी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया. वो इस गांव के मुखिया (गांव-बूढ़ा)भी थे. उन्होंने अपनी बेटी के साथ हुये धोखे का बदला लेने के लिए सुंगदर को सबक सिखाने की सोची.

गांव के इस शासक का नाम अरमेजंग था. वह पोंगन कुल से था जबकि उसका दामाद जामिर कुल से था. उन दिनों दुनिया के अन्य लोगों की तरह आओ लोग भी नये बसेरे की तलाश में एक स्थान से दूसरे स्थान जाया करते थे. इसी क्रम में इस गांव ने भी पुरानी जगह छोड़कर सूदुर कहीं विस्थापित होने  की सोची. आओ परम्पराओं और रीतियों के अनुसार यदि कभी किसी पुराने गांव को खाली करके नये स्थान पर गांव बसाना होता था और इस बीच कोई ताबूत अपने अन्तिम संस्कार “त्संग्जू”  (See previous story) के लिए रखा हुआ होता था तो उसे अवश्य़ ही बिना मृत्यु के संस्कार के ही कब्रिस्तान पहुंचाया जाना होता था. भले ही उसका समय पूरा न हुआ हो.

ऐसी परिस्थिति में , गांव-बूढ़ा अरमेजंग ने गांव वालों को नये गांव के लिए यात्रा शुरु करने का आदेश दिया. साथ ही इस अवसर का लाभ उठाते हुये मृत यासानारो के पिता ने अपने दामाद लेटरसंग को अपनी मृत पत्नी का ताबूत अपने कन्धे पर रख कर नये गांव ले चलने का आदेश दिया . निश्चित तौर पर यह लेटरसंग के लिए एक सजा थी. आओ नागाओं के परम्परागत इतिहास में अभी तक ऐसा कभी हुआ भी नहीं था. फिर भी, पिता अरमेजंग ने जानबूझ कर अपनी एक मात्र बेटी का ताबूत उठाकर नयी जगह ले जाने के परम्परा-विरुध्द कार्य के लिए अपने दामाद को आदेश दिया. लेटरसंग के पास आदेश का अक्षरशः पालन करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था. चूंकि आदेश गांव-बूढ़ा का था.

नयी जगह जाने के लिए जब पूरा गांव अपना सामान लेकर गांव के बाहर आ रहा था, लेटरसंग को अपने सिर पर ताबूत ढ़ोना था. इस प्रकार, ताबूत लिए हुये वह अन्य लोगों के साथ यात्रा कर रहा था. नये बसेरे से थोड़ा पहले, एक गांव के पास ,सारे लोग  कुछ क्षण    विश्राम करने के लिए रुके. थोड़ी देर सुस्ताने के लिए लेटरसंग भी रुक गया. अपना सामान—ताबूत पेड़ के सहारे रख टिका दिया और वही उसी के पास बैठ गया. ताबूत के पास बैठे हुये उसने विश्रान्ति की एक गहरी सांस ली. तभी अन्जाने में ही, उसके हृदय से गहरी पीड़ा को व्यक्त करने वाले कुछ बोल फूट पड़े .......

“ वे रोज के रास्ते
जिनपर आती जाती थी यासानारो,
Chang Warrior (From Internet)  
छूट गये हैं पीछे , सुदूर.

कल कल करती,छरहरी जंगली नदी पर 
वो बांस का पुल,
जिस पर आसमान में 
सूरज व चांद की तरह
उगती और अस्त होती थी यासानारो,
अब खाली हैं.

झरनें में खिलने वाला वह फूल
जिसकी खिलती पंखुड़ियों की तरह
मैंनें अपने प्रेम को 
खिलने देने की शपथ ली,
मेरा पुराना गांव
जहां मेरा “ सुंगखू मेयोंग नारो”—सूरजमुखी –
मुरझाकर गिर चुका होगा अब......

कितना सुखद होता,
उसी सूखे फूल के साथ
वही की मिट्टी में 
मेरे इस तन मन का भी 
सूख कर मिल जाना !

“ सुंगखू मेयोंग नारो" एक सुन्दर फूल का नाम था. लेकिन आज लेटरसंग यासानारो को इस नाम से पुकार रहा था. अपने वातावरण से अनभिज्ञ लेटरसंग बैठा हुआ गा रहा था. उसका यह गीत उसके ससुर अरमेंजंग के कानों में पड़ा. गहरी पीड़ा से उमग रहे इस गीत को सुनकर अरमेंजंग को दृढ़ अनुभूति हुयी कि लेटरसंग उसकी पुत्री के प्रति पूरी तरह से क्रूर और अन्यमनस्क नहीं था. हालांकि कि लेटरसंग के व्यवहार में कुछ कमियां थी किन्तु वह अपनी पत्नी को बहुत गहरे मॆं प्रेम करता था.ऐसा महसूस कर अरमेंजंग ने लेटरसंग को तुरन्त माफ कर दिया व ताबूत वहीं छोड़ने को कहा.

   भारी मन से ताबूत वहीं छोड़, वहां से लेटरसंग अन्य गांव वालों के साथ आगे बढ़ा. वे सभी अपनी नयी बस्ती में सुरक्षित पहुंच गये. यह कहा जाता है कि अपने अभीष्ट गांव में बसने से पहले वे जरूर कुछ दिन “अलीबा” नामक गांव में ठहरे थे. वहा कुछ दिन रहने के बाद ही वे अपने गांव “किनुंगर” में रहने गये. जबकि वे सब अलीबा गांव में ही रह रहे थे, लेटरसंग का मन बहुत अशान्त रहता था. अपनी प्रेमिल पत्नी का अभाव उसे हर क्षण खल रहा था. उसका पूरा अस्तित्व अपनी प्यारी पत्नी व पुराने गांव-घर, जहां उसने अपने जीवन के कुछ अच्छे दिन बिताए, की यादों से गूंजता रहता था. बहुत बार उसे ऐसा भी लगता कि एक बार फिर उसे अपने पुराने गांव की यात्रा पर जाना चहिये. जिसे वह वीरान छोड़ आया था.

इसलिए उसने एक दिन अकेले ही पुराने गांव की यात्रा पर निकलने का दृढ़ निश्चय किया. पुराना गांव चंहु दिश ऊंची झाड़ियों हरे जंगली पौधों से भर चुका था. अपने पुराने गांव पहुंच कर वह सबसे पहले वृहत-शिरा “किफूलांग” गया. “किफूलांग” एक बड़ी चट्टान थी जिसकी गांव के लोग पूजा किया करते थे. वहां कुछ क्षण ठहर कर वह अपने पुराने बीते दिनों को याद करता रहा. लेटरसंग इस बड़ी चट्टान के आसपास कभी अपने संगी साथियों के साथ मन में जीवन-मंगल व उत्सव की भावना भर नृत्य करता था ,जंगल गीत गाया करता था. किन्तु आज वहां सब कुछ सूना और उजड़ा हुआ था. जहां कभी हार्नबिल की तीखी झंकारों पर हवा की तितलियां नृत्य करती थी, वहां आज सिर्फ झींगुरों, कीड़े मकोड़ों की कड़वी झुनझुनाहट थी. वहां से वह पुरानी अरेजू (छात्रावास जैसा) के बगल में रखे हुये लकड़ी के बड़े हौदे के पास गया. वे इसमें झरने का पानी एकत्रित किया करते थे. उसने महसूस किया कि हौदे में एक अजीब तरह का खालीपन भरा हुआ है. वह कुएं जैसा हो गया है जिसकी तलहटी में बरसात का पानी जमा है और उसमें कुछ अदृश्य पक्षी पानी पी रहे हैं. वह एक गहरे सन्नाटे में डूब गया. फिर वह पास में ही खड़ी वीरान हो चुकी अरेजू में गया. अरेजू का आच्छादन उखड़ गया था. और हर तरफ बड़ी बड़ी झाड़ियां उग आयी थी.

गहरे दुख में डूबा हुआ लेटरसंग धीरे धीरे गांव के कुएं की तरफ बढ़ा. कुएं का नाम था “लोंग्त्सुबा’. कुएं पर भी उसी तरह खरपतवार झाड़ियां उग आयी थीं. ऐसा लग रहा था मानो वह कभी मानवों द्वारा प्रयोग ही न किया गया हो. आसपास फैले वीरान गांव के मनहूंस दृश्यों ने जैसे उसकी शिराओं को जमा दिया. उसका हृदय डूबने लगा. पुराने जीवन की यादों के बुलबुले उसकी आंखों के सम्मुख तैरने लगे. अपनी प्यारी पत्नी व संगी साथियों के साथ बिताये उल्लास विलास के दिन उसके सम्मुख खड़े से हो गये. अचानक उसका हृदय कहने लगा......

“किफूलांग—मेरी पूजनीय़ चट्टान
बची रह गयी है टूटी फूटी
विचित्र आवाजें करने वाले पतगों के अधिकार में.

मैं देखता हूं
अपने लकड़ी के हौदे का खालीपन
पानी से भरते हुये,
जो चिड़ियों के लिए एक खाली कुआं है.

मेरे हाथों निर्मित अरेजू,
मोरुंग का वो भव्य मुख्य द्वार
सुगठित हरे बांसों के तोरण से सज्जित,
वो लोंग्त्सुबा कुआं –
सब मैंने अपने इन्हीं हाथों से उकेरा—
जहां मेरे साथी मिलते थे
जहां हमारे हृदय में होता था
नव उर्जा का संचार.
वे सभी पथ
जिन पर हैं यासानारों के पदचिह्न,
अब वीरान हैं.
वे सभी पुल
जिनपर यासानारों ने तय की यात्राएं,
रिक्त हैं.


मेरे प्रिय गांव रेथू....
तुम्हारा  फिर से जीवित होना
मेरे लिए एक सपना हैं.”


अन्ततः उस बोझिल वीरान माहौल में उत्कण्ठित हृदय लिए लेटरसंग ने वापस लौटने की सोची. वह सीधे अपने नये गांव आया. अपने परिजनॊं, गांववासियों से मिला. वापस आकर उसने अपने यात्रा की कहानी अन्य लोगॊं को सुनायी. उसने परित्यक्त गांव रेथू का मार्मिक वर्णन किया. लौटने के छठवें दिन ही लेटरसंग ने अपनी अन्तिम सांस ली. संभवतः वह अन्दर से एकदम टूट गया था. अपने पीछे वह अपना एकमात्र बेटा व बूढे ससुर को छॊड़ गया.

माना जाता है कि उसकी आत्मा “डुपुली" (स्वर्ग/मृत्युलोक) चली गयी होगी. वहां वह अपनी यासानारो से मिलेगा और प्रेम व प्रसन्नतापूर्वक सदा सदा उसके साथ रहेगा. क्योंकि ऐसा माना जाता है कि दिपुली में बिछोह नहीं होता. वहां पुराने प्रेमी मिलते हैं. अनन्त प्रेम में सदा सहचर बने रहने के लिए. 

Saturday, December 19, 2015

नागा लोककथायें: मां का असीम प्यार (Ever Abiding love of a Mother)

A Chang Woman carrying her child. 19954. Copyright Protected 
आओ नागओं की पुरानी परंपरा कहती है कि मृत व्यक्तियों के शरीर घर के बाहरी हिस्से में बांस के बने ताबूत में रखे जाते हैं । हांलाकि उन पुराने दिनों  में आओ नागाओं के घर में सिर्फ दो ही कमरे हुआ करते थे। अतः पर्याप्त समय तक वहां रखने के बाद शरीर को कब्रिस्तान में ले जाकर नष्ट कर दिया जाता है. लेकिन मृत शरीर को कब तक घर में रखना है यह मरने वाले की स्थिति अथवा मृत्यु के तरीके व व्यक्ति के अनुसार निर्धारित किया जाता है.  जैसे अगर कोई फसल काटने के समय मरता है तो  नयी फसल के पके हुये चावल से उसका “त्संग्जू” अनुष्ठान किया जाता है और छह दिनों तक उसके शरीर को घर पर रखने के बाद कब्रिस्तान में ले जाकर दफना दिया जाता है. किन्तु यदि आदमी के स्थान पर औरत की मृत्यु हुयी है तो उसे छह दिनों के बजाय पांच दिन ही घर पर रखा जाता है. “त्संग्जू” अनुष्ठान दोनों के लिए एक जैसे होते हैं . कब्रिस्तान में दफनाये जाने के पहले जितनें दिन ताबूत घर पर रहता है उस समय को “लेप्तुसंग्संग” या “लेप्तुसंग्संग-असंगबा कहते हैं.

इस अवधि के दौरान , चाहे वह पांच दिन की हो या छह दिन की , गांव का प्रीस्ट उस ताबूत की रक्षा किया करता है.  सुदूर अतीत के पुराने दिनों में घर पर रखे गये ताबूत की कब्रिस्तान में दफनाये जाने तक रक्षा करना प्रीस्ट लोगों का परम कर्तव्य हुआ करता था.

ऐसा कहा जाता है कि मृत्यु के समय किया जाने वाला अनुष्ठान सिर्फ पके हुये नये चावल से ही किया जाता है. इस तरह अगर कोई आदमी या औरत मर जाती है तो उसका ताबूत तब तक घर पर रखा जाता है जब तक की खेतों की कटायी से मृत्यु का अनुष्ठान करने के लिए नया चावल प्राप्त नहीं हो जाता. यहां तक कि मान लीजिये अगर कोई बुवायी के समय यानी मार्च/ अप्रैल में ही मर जाता है तो उसका ताबूत कटायी के समय तक यानी अगस्त या सितम्बर के शुरुआत तक रखा जाना चाहिये. ताकि कब्रिस्तान में ले जाने के पहले नये चावल से मृत्यु का अनुष्ठान किया जा  सके और मृत्युलोक “डुपुली” जाते समय आत्मा (Soul) अन्न , सब्जियां , मांस या कुछ भी अन्य खाने योग्य वस्तुएं अपने साथ ले जा सके.

इस तरह कुछ मामलों में कई ताबूत कब्रगाह जाने के पहले कई महीनों तक अनुष्ठान के लिए चावल के इन्तजार में घर पर सबके साथ रखे रहते थे. क्योकिं किसी भी आदमी या औरत को बिना अनुष्ठान के कब्रगाह में नहीं ले जाया जाता था, सिवाय उन लोगों के जिनकी मृत्यु अपोडिया (लज्जास्पद मृत्यु जैसे पानी में डूब कर मरना) हो। इसलिए मैं अभी जो कथा कहने जा रहा हूं वह भी आओ नागओं की इसी प्रकार की परंपरा से जुड़ी हुयी है. 

एक बार की बात है. रेथु नामक गांव में एक परिवार रहता था जिसमें तीन सदस्य थे – पति पत्नी और एक छोटा बच्चा. एक बार ऐसा हुआ कि पत्नी बीमार पड़ी और बहुत लम्बे समय तक बीमार रहने के बाद उसनें अपनी अन्तिम सांस ली. अपने बीमारी के दिनों में जब वह मृत्यु-शैया पर पड़ी हुयी थी, उसने अपने पति को बुलाया और उसे शपथ दिलायी कि वह उसकी मृत्यु के बाद दूसरी शादी नहीं करेगा. ऐसा उसने सिर्फ इसलिए किया कि उसका बच्चा उसकी मृत्यु के बाद किसी सौतेली मां के हाथों कष्ट न झेले. उसकी इस बात पर पति सहमत हो गया व उसने पुनः शादी न करने व जीवन भर विदुर रहने की शपथ ली.

इसके कुछ क्षणॊं बाद ही पत्नी की मृत्यु हो गयी और परम्परा के अनुसार उसकी देह को एक ताबूत में बन्द करके घर के बाहरी कमरे में रख दिया गया.
इन परिस्थितियों में, जल्द ही,  अपनी पत्नी की मृत देह ताबूत में रख कर और अपने बच्चे को अकेले छोडकर, पति अक्सर नये साथी की तलाश में बाहर जाया करता था. वह रात में लड़कियों के अरेजू (एक तरह का छात्रावास जहां कुवारी लड़कियां रहती हैं) भी जाया करता था. एक रात हमेशा की तरह अपनी आदत के अनुसार बच्चे को सोया हुआ छोड़ वह घर से दूर चला गया. 

उस काली रात बच्चा नींद से जग गया और अपने आसपास किसी को न पाकर जोर जोर से बहुत देर तक रोता रहा. वहां कोई नहीं था जो बच्चे को उसके बिस्तर से उठाता और उसे चुप कराता .  
इन परिस्थितियों मॆं , ताबूत में मां की आत्मा इस हद तक द्रवित हो उठी कि वह अब और अधिक समय तक मूक द्रष्टा नहीं रह सकी. वह अपने बच्चे के अत्यधिक नजदीक आ गयी. अपने अत्यन्त प्रगाड़ व स्थायी मातृ-प्रेम के साथ लोरी गाने लगी ताकि उसका बेटा सो जाय.

जब वह इस प्रकार गा रही थी तभी वहां उसका पति वापस आया. थोड़ी ही दूर से उसने लोरी  सुनी और उसे महसूस हुआ कि  जरूर कोई है जो उसके न रहने पर उसके बच्चे की देखभाल करता है . इसके ठीक विपरीत जब वह घर में घुसा तब अपने बच्चे के बगल में उसने अपनी पत्नी का ताबूत देखा और तुरन्त ही समझ गया कि लोरी गाने वाला कोई और नहीं बल्कि ताबूत में मौजूद उसकी पत्नी की आत्मा ही है .

पति को देखकर तुरन्त ही ताबूत उठ खड़ा हुआ और उसकी तरफ बढ़ने लगा. यह देख बच्चे का पिता अत्यन्त भयभीत हो गया और ताबूत से बचने के लिए यहां वहां भागने लगा.
ताबूत ने उसे गांव की गलियों सड़कों पर दौड़ा लिया . इस दौरान ताबूत से एक विचित्र तरह की आवाज आ रही थी. ताबूत से भागते भागते वह मोरूंग ( एक पवित्र स्थल) पहुंच गया. आओ लोगों का ऐसा विश्वास है कि कोई आत्मा या कोई शक्तिशाली शैतान भी मोरुंग में प्रवेश नहीं कर सकता, खासकर उसके मुख्य रास्ते को पार करके. और मोरुंग में सामान्य घरों की तरह अन्य खिड़कियां और दरवाजे नहीं होते.

मोरूंग के दरवाजे पर ताबूत धराशाही हो गया, दुबारा कभी न उठने के लिए. 
गांव में घटा यह आश्चर्य उस व्यक्ति के लिए और उन सबके लिए जिसने यह सुना , बहुत बड़ा सबक साबित हुआ.

इस कहानी में जिस मां का अपने बच्चे के लिए असीम प्यार था, जिसनें कब्रिस्तान जाकर भी अपने बच्चे का ध्यान रखना न छोड़ा, उसका नाम कुछ और नहीं बल्कि यासानारो व उसके अभागे पति का नाम लेटरसंग था. 

Friday, October 30, 2015

पोषण के बारे में ...

फल सब्जी
दूध किसमिस
में ही नहीं,

कुछ  विटामिन्स  
तो सिर्फ
और सिर्फ
तुम्हारे होठों में होते हैं .....

चुप ताजे 
ललछहूं होठों में .........

Friday, September 11, 2015

नागालैण्ड की लोककथायें: एक लड़की की कथा जिसे सर्प दंश से मरना था !




एक बार की बात है एक परिवार रहता था जिसमें सिर्फ दो ही बच्चे थे. उन दिनों एक बार घर का मुखिया माथा लेने ( नर-मुण्ड शिकार अभियान पर) गया क्योंकि वह एक योध्दा था. वह और उसके साथी अपने पीछे अपनी पत्नियों और बच्चों को घर पर छोड़ , बहुत दूर के गांवों में शत्रुओं का शिकार करने चले गये. 

यह सुनने में आता है कि उस व्यक्ति की पत्नी को जल्द ही बच्चा होने वाला था. बहुत बहादुरी व सफलतापूर्वक युध्द करने के बाद परिवार का मुखिया युध्द में मारे गये शत्रुओं का सिर पुरस्कार स्वरूप लिए हुये वापस आ रहा था. रास्ता बहुत लम्बा होने के कारण वे जंगल के रास्ते में किसी स्थान पर “संगपित संग” नामक विशाल व घने वृक्ष के नीचे रुके ताकि रात बिता सकें.  

Ang (Chief) of Village in Costume with Gun, Ceremonial Dao (Machete), and Carrying Bag Near Carved Facade of his Longhouse 1954Konyak (Copyright Protected)
वहां वे उसी पेड़ की छाया में सोये. उन्होंने अपने शत्रुओं के सिर अपने घास के पतले बिछावन से पास रख दिया. ऐसा कहा जाता है कि उस रात उस योध्दा ने एक सपना देखा. सपने में भी वही बड़ा सा पॆड़ ,वही छाया थी. उसने देखा बड़े ही विचित्र और विकृत रूप वाले दो मनुष्य जो कि ऐसा विश्वास किया जाता है कि प्रेत थे , कहीं जा रहे थे. वे प्रेत योध्दा को देख थोड़ी देर रुके एवं बताया कि सुदूर गांव में किसी स्त्री को बच्चा होने वाला है. वे वहीं जा रहे हैं. इतना कह कर वे चले गये.
स्वप्न देखने वाले योध्दा को लगा कि वह स्वप्न नहीं बल्कि सच्चाई देख रहा है. और वस्तुतः सच में यह एक अर्थपूर्ण आभास था. योध्दा उठ बैठा. वह सोचने लगा कि कहीं उसका यह आभास सुदूर गांव में स्थित उसकी पत्नी के होने वाले बच्चे से तो नहीं जुड़ा हुआ है?  उसकी इस सोच ने उसे अशान्त कर दिया. 

थोड़ी देर बाद वह पुनः सोया और फिर से सपना देखा जो कि पहले वाले सपने से जुड़ा हुआ था. इस सपने में भी वही दोनों प्रेत उसी विशाल पेड़ की छाया के नीचे आये जहां योध्दा सो रहा था. अतः योध्दा ने उन्हें सामने पाकर , जैसे कि वे सच में ही सामने खड़े हों, उनसे उस गर्भिणी औरत के होने वाले बच्चे के बारे में पूछा , जैसा कि वे पिछले स्वप्न में कह गये थे.
योध्दा के प्रश्नों का जवाब देते हुये प्रेतों ने बताया की उस औरत को एक लड़की पैदा हुयी है. उन्होंने और कहा कि उस लड़की की मौत सांप के काटने से होगी, ऐसा प्रेतों ने निर्धारित कर दिया है. इस स्वप्न के बाद योध्दा पुनः उठ बैठा. उसे पता चला यह भी एक स्वप्न ही था, निस्संदेह ही सच्चाई नहीं. फिर भी उसने तुरन्त ही सपनों के बारे में सोचना शुरु कर दिया. उसे लग रहा था कि दोनों सपने सुदूर गांव में उसकी पत्नी को होने वाले बच्चे से जुड़े हो सकते हैं. 

अशान्त व थका हुआ , घर का हाल चाल जानने के लिए चिन्तामग्न वह घर पहुंचा. जब उसने एक नन्ही लड़की को अपनी पत्नी के पास लेटे हुये देखा तब तथ्यों की पुष्टि करने के लिए पूछताछ की कि उसकी पत्नी को कब बच्चा हुआ ? और वह स्पष्ट हो गया कि जिस रात उसने स्वप्न देखा था उसी रात उसकी पत्नी को बच्चा हुआ था. 

तुरन्त ही उसने अपना सपना और उसकी संभावित व्याख्या अपनी पत्नी को बताया और कहा कि हो सकता है कि वह सपना परमपिता परमेश्वर द्वारा उनके बच्चे के भाग्य की भविष्यवाणी हो. उसी समय उसने अपनी पत्नी को चेतावनी भी दी वह लड़की को कहीं भी , गांव के बाहर न भेजे और घर पर ही रखे ताकि किसी जहरीले सांप को उस पर हमला करने का मौका न मिले और उसकी मृत्यु न हो.
इन परिस्थितियों में दोनों ने बचाव के हर उपाय करने  का निर्णय लिया जिससे उनकी बेटी संर्प-दंश से होने वाली मृत्यु के भयानक दुर्भाग्य से बच सके क्योकिं आओ नागा परम्पराओं के अनुसार संर्प-दंश से होने वाली मृत्यु एक शर्मनाक , लज्जास्पद मौत होती थी जिसे अपोडिया ( Apodea) कहते हैं, जैसा कि उन्होंने अपनी बेटी के लिए सपने में हुयी भविष्यवाणी में देखा था.

इसी प्रकार के माहौल में उनकी बेटी बड़ी हुयी व किशोर हो गयी. इसके बाद उसके माता पिता ने उसे बार बार चेतावनी दी  ताकि उसके जीवन में कोई अनिष्ट न हो. फिर भी उसके जीवन में वह समय आ गया जब उसे शादी करके अपने पति के साथ पति के गांव जाना था. 

खतरे का आभास करके पिता ने उसके पति को आदेश दिया कि वह लड़की को अपने कन्धे पर उठाकर दूसरे गांव ले जाय. लड़के ने पिता की बात मानकर वादा किया कि पूरे रास्ते वह लड़की को कहीं भी पैदल नहीं चलने देगा और अपने कन्धे पर ले जायेगा. इस वादे के साथ उन्होंने यात्रा शुरू की ताकि कम से कम रास्ते में उसे कोई सांप न काट सके व उसकी मृत्यु न हो. 

इस प्रकार उन्होंने आधे रास्ते की दूरी तय कर ली , तभी लड़की ने अपने पति से कुछ देर रुकने के लिए कहा ताकि वह मूत्र विसर्जन कर सके. वे वही रुक गये और लड़की थोड़ा आगे झाड़ी की तरफ बढ़ी. तभी उसका पैर एक मरे हुये सांप हुये छोटे सांप के मुंह के ऊपर से रगड़ गया जो उसकी नजरों से ओझल पड़ा हुआ था. तत्क्षण ही सांप के दांत लड़की के पैरॊं में धस गये और नसों में जहर पहुंच जाने के कारण भयानक दर्द शुरु हुआ. वहां से उसे जल्दी जल्दी गांव ले जाया गया. गांव पहुंचते पहुंचते उसके प्राण पखेरू उड़ गये. 

यह हमें बताता है कि ईश्वर ने जो नियति निर्धारित की है वह घटित होनी ही है, उसे कोई नहीं बदल सकता. क्योकिं सब कुछ उसी तरह होगा जैसा ऊपर वाले ने निर्धारित कर रखा है.