Search This Blog

Showing posts with label विचार-वितर्क. Show all posts
Showing posts with label विचार-वितर्क. Show all posts

Sunday, October 20, 2019

व्यक्ति व समूह


व्यक्ति पर एक निजी व्यक्ति के रूप में और व्यक्ति पर एक समूह के अवयव के रूप में, मानसिक/आत्मिक विकास के जो नियम लगते हैं वे सामान्यतः बहुत  अलग कभी कभी एक दूसरे के बिल्कुल विपरीत होते हैं. मोटे अर्थों में एक उदाहरण दिया जा सकता है. जीवन के शुरुआती समय में , या बाद में भी, ठीक से पढ लिख पाने, मन मस्तिष्क ठीक से विकसित हो इसके लिये आवश्यक क्रिया-कलापों में खुद को झोंक देने के लिए व्यक्ति को थोड़ा सा  "स्वार्थी या आत्म केन्द्रित"होना जरूरी है. ऐसा होने पर आदमी बलेल्ला बन बाद में देश दुनिया का नुकसान ही करता है.

किन्तु, इसके ठीक विपरीत, विस्तृत फलक पर सामाजिक जीवन में हम यह नहीं कह सकते कि एक व्यक्ति का किसी भी रूप में आत्मकेन्द्रित या  स्वार्थी होना ठीक है. एक समूह को सहकारिता, आपसी सौहार्द्र के मूल्यों पर ही काम करना है. नहीं तो वह पतित हो जायेगा. 

यहां सीधा विरोधाभास है. यह विरोधाभास महत्वपूर्ण है.बहुत सारे सामाजिक सुधार के आन्दोलन, आध्यात्मिक मिशन इसीलिए असफल हो जाते है क्योंकि वे इस विरोधभास को हल नहीं करते. व्यक्ति एक इकाई के तौर पर अपनी निजता में जिन मूल्यों, प्रक्रियाओं, धारणाओं के आधार पर अपने को अपने से, अपने को ईश्वर से, अपने काम व कला से, अपने को समाज से जोड़ता है वे  ही मूल्य, प्रक्रियाएं, धारणाएं जरूरी नहीं की उसके समाज में व्यव्हृत किये जाने वाले आदर्शों के रूप में स्थापित हों. अथवा इसका उल्टा. वे दोंनॊ बिल्कुल अलग व यदा कदा विरोधाभासी भी हो सकतीं हैं.

”संसार माया है’’, एक मुमुक्षू अगर निजी तौर पर यह माने, जाने तो यह उसकी उपल्ब्धि है. लेकिन अगर पूरा समाज ही बिना किसी वास्त्विक बोध के एक नियम के तौर पर यह मानने लगे और इस आधार पर अपने ढ़ाचे खड़े करे तो अन्य समूहों की तुलना में वह एक आलसी, कमजोर व पिछड़ा हुआ समाज होगा.  क्योंकि अगर सब माया ही है तो क्यॊं बेवजह टॆंशन लेना. 
आध्यात्मिक विकास के लिये सन्तों साधकों ने ऐसी ही कई अन्य बातों पर जोर दिया है. जैसे   ”तर्क करना छॊड़ दो, विश्वास सीखो,” आदि आदि. यह काम एक साधक या साधकॊं का एक समूह करे तो ठीक, लेकिन यही बात अगर पूरे समाज को एक नियम के तौर पर सिखा दी जाय, तो उस समाज का आधुनिक ज्ञान विज्ञान में पिछड़ना तय है क्यॊकिं बुध्दि-विलास तर्क वितर्क के बिना  विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति असंभव है. ्कहीं हमारे साथ कुछ ऐसा ही तो नहीं हुआ है ? 

Thursday, November 22, 2018

मठाधीशी की कला

जरूरी नहीं कि हृदय में ईश्वर का प्रकाश ही आपको व्यावहारिक तौर पर स्थिर, गंभीर, आत्मप्रवृत्त बनाता हो। अपने चित्त के घामड़पन, अपनी कुटिलता की शक्ति में निर्द्वन्द  व अटल विश्वास भी व्यक्ति को वाह्य तौर पर उतनी ही स्थिरता देता है जितना कि वास्तविक सत्य का बोध।
उदाहरण के लिए आप अपने आसपास के तमाम बड़े-छोटे मठाधीशों को देख सकते हैं।

Sunday, December 21, 2014

एक सपना



कल रात भोर में एक सपना आया मुझे. मैंने देखा कि मैं एक ऐसे जंगल में खॊ गया हूं जहां सिर्फ बड़े बड़े विद्वान, बुध्दिवीर रहते हैं। अलग अलग विषयों , क्षेत्रों के विद्वान। उन्होंने सारी जिन्दगी केवल अपने विषय को सिध्द करने में बिता दी.  लेकिन मैं तब घबरा गया और मेरी सांसें अचानक बढ गयीं जब मैंने पाया कि सभी विद्वानों की पूरी देह मेढक के आकार की है. सबने अपने अपने गढ्ढे खोद रखे हैं ।दिन भर अपने विद्यार्थियों , कम जानने वालों का दिमाग कीड़े मकोड़ॊ की तरह खाते हुये खाली समय में दो चार किताबें गार देते हैं तो उनसे थोड़ा सा पानी निकल आता है. उसी में वो आराम से टर्र टर्र करते रहते हैं । एक दूसरे से ऊंची टर्राहट की होड़ मची रहती है। और इस बात की भी होड़ रहती है कि मेरा पानी ही सबसे श्रेष्ठ है और सबसे ज्यादा है। दुनिया में और पानी होता ही नहीं.
थोड़ी देर बाद मैंने महसूस किया कि मेरे गले से भी अपने आप ही कोई आवाज निकल रही है. शुरुआत में वह गुर्राहट जैसी थी लेकिन धीरे धीरे आसपास की आवाजों जैसी होती जा रही है.मेरा दम घुटने लगा. मुझे लगा कि अब मुझे वहां से भाग जाना चाहिये. मैंने पीछे लौटने की कोशिश की लेकिन मेरी देह हिली ही नहीं । उसका आकार धीरे धीरे मेढ़क जैसा हो रहा था. शायद इन कर्कश आवाजों का जहरीला असर होने लगा था.
अन्ततः मैं जोर से चींख उठा. उठ बैठा. लेकिन आश्चर्य कि सपना टूटा ही नहीं. मेरी आवाज और मेरा आकार तो ठीक हो गया लेकिन मेरा सपना मुझसे अलग हो मेरे सामने खड़ा हो.









Saturday, December 7, 2013

कटोरा और पानी



हमारी संस्कृति , हमारी परंपराएं एक कटोरे जैसी हैं जिसमें हमारी संवेदना का द्रव कटोरे की भाषा में अपना आकार धरता है ।
लघु आयतन द्रव के लिए कटॊरा एक सम्बल है , एक रूप है , एक गति है किन्तु निरन्तर प्रगाढ़ व विस्तृत होते द्रव आयतन के लिए यह एक बन्धन है

Sunday, June 23, 2013

सोच (२)



सब कुछ स्वयं में ही विरोधाभासी है । जो है, उसी में उसका विरोध है , विपरीत है । सच में झूठ है, झूठ में सच है , मौत में जीवन है , जीवन में मौत है, जो अच्छा है , वही क्षण के एक बिन्दु के बाद बुरा है , बुरा है वही स्थान की एक अलग विमा में अच्छा है !
और सबसे रहस्यमय हैं इन विपरीतताओं के संधिस्थल , वे गूढ क्षितिज , जहां सच झूठ से मिलता है , मौत जीवन से मिलती है , जीवन मौत से मिलता है और गहन संवेदना विषण्ण हिंसा से मिलती है !

Monday, March 11, 2013

सोच (1)

समस्या तब शुरू होती है जब हम अपने आप को वह समझने लगते है जो हम नहीं है या कुछ अथक प्रयासोपरान्त हममे जो होने की संभावना है , वह . हमारे आप पास ऎसी कई चीजें है जो हमें इस  भ्रम में डालती हैं .
 ईश्वर  द्वारा रचें गए कुछ बड़े षडयंत्रों में से यह एक है की गहन प्रेम और वास्तविक ज्ञान को मापने के लिए वैसे यंत्र नही हैं जैसे खम्भे की उचाई और गढ्ढे की गहरायी नापने के लिए हैं .