Sunday, October 23, 2022

पुराने शहर


बड़े शहरों 

से बचकर हम लौट आते हैं 

पुराने छोटे शहरों में 

साल के कुछ दिन 


पुराने शहरों में 

तेज़ी से बदलते वक्त के बावजूद 

बहुत कुछ पुराना 

बचा रहता है l


मेरे  हिस्से के पुराने शहर में 

उन जर्जर मकानों से दोस्ती सी है मेरी 

जो कम से कम सौ साल पुराने हैं 

सड़क की तरफ़ कई दुकानें है 

उनमें होते हुए भी अलग लगती हैं उनसे 


जर्जर मकानों में बीता हुआ शहर रहता है 

गलियाँ पुराने बाज़ार बेतरतीब चौराहे 

दहलीज़ पर ही रुक जाता है जिनके 

नया समय

बच बचाकर 

हम पहुँच जाते हैं उन दुकानों में 

जिनकी पुरानी मटमैली दराज़ों में 

बीते दो तीन दशक 

पोटलियों में बंधे रखे हैं  


हमारे चाहने से नहीं होता 

हम शहरों को 

एक में एक मिला नहीं सकते 

उनके भीतर कुछ है 

जो उन्हें दूर करता है 

उनके बीच की सड़कें 

भाषा है 

जिसके बावजूद बहुत कुछ 

चाहकर भी कहा नहीं जा पाता , 

चाह कर भीसुना नहीं जा पाता 

सड़के जोड़ती तो है लेकिन अलग भी करती हैं 


पुराने शहर  बड़े शहरों को जोड़ती सड़कें 

प्रेम से ऊब चुके 

लेकिन प्यासे मन सी होती हैं  

दो शहरों के अलग होने से 

उन्हें कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता 

पड़ता भी हो , तो दीखता नहीं 

उन्हें यह पता होता है कि 

शहरों को वस्तुत:

सड़कें नहीं कहानियाँ  बिछड़े हुए लोग जोड़ते हैं  


3 comments:

  1. बहुत ही सुंदर। आख़िरी के दो वाक्य ख़ास तौर से । पढ़कर ऐसा लगा मानो शहर भी जीवित वस्तु है , भावनाओं से भरा ।

    ReplyDelete
  2. भाव के स्तर पर कविता सुंदर बनी है, किंतु व्याकरण और शिल्प की दृष्टि से कविता पुन: विचार की मांग करती है, विराम चिन्हों के सही उपयोग से कविता और अधिक सुग्राह्य हो सकती थी. आखिरी पंक्ति में सड़के नहीं के बाद अर्धविराम का प्रयोग अभीष्ट प्रतीत पड़ता है. दहलीज पर रुक ही जाता है जिनके नया समय यहां "नया समय" से बेहतर होता यदि हम सिर्फ "समय" का प्रयोग करते. बाकी भाव सौंदर्य की दृष्टि से कविता उत्तम बन पड़ी है, खैर इसके तो आप माहिर खिलाड़ी हैं. आपकी पुरानी कई कविताओं को देखकर यह कहा जा सकता है कि कवि नॉस्टैल्जिक होकर भावुकता के अतिरेक से कविता को रंगने में सफल रहा है. दिल्ली में रहते हुए कवि बनारस, पुराने बनारस को रच रहा है, तो कवि बधाई का पात्र तो है ही, इसमें कोई दो राय नहीं!
    बाहर हाल इस सुंदर रचना के लिए बधाई स्वीकार कीजिए.

    ReplyDelete
    Replies
    1. विस्तृत टिप्पणी के लिए धन्यवाद, दोस्त । आपके सुझावों को अमल में लाया जाएगा ।

      Delete